थाना बिर्रा का वार्षिक निरीक्षण, एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

रिपोर्टर-शुभांशु मिश्रा
लोकेशन-जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय आई.पी.एस. ने आज थाना बिर्रा का वार्षिक निरीक्षण किया।
सुबह रोस्टर के अनुसार किए गए इस निरीक्षण की शुरुआत परेड की सलामी के साथ हुई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में संधारित समस्त दस्तावेजों, अभिलेखों और रजिस्टरों का गहन अवलोकन किया। साथ ही आर्म्स और एम्युनिशन, जप्ती माल के रख-रखाव की जांच करते हुए उन्हें व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संधारित रखने के निर्देश दिए।

एसपी द्वारा थाना क्षेत्र के निगरानी बदमाशों और गुंडा बदमाशों की हिस्ट्रीशीट का गहन परीक्षण किया गया। इसके अलावा ग्राम अपराध पुस्तिका का भी अवलोकन कर उसमें दर्ज प्रविष्टियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने और अपराधियों पर सतत एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, पेट्रोलिंग बढ़ाने और फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए पारदर्शी, निष्पक्ष और संवेदनशील पुलिसिंग के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई, भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन पेट्रोलिंग, संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और रात्रिकालीन गश्त में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जुआ, सट्टा और नशे के कारोबार में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने, टीमवर्क के साथ सूचना संकलन कर निरंतर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने थाना में लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार, बीट प्रणाली के तहत गांव-गांव भ्रमण, साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने और आम जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।




