Asia Cup 2025: 8 टीमें, 1 खिताब, ऐसे लाइव देख पाएंगे सभी मैच, इस बार क्या है खास?

Asia Cup 2025: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आज से पुरुष क्रिकेट एशिया कप 2025 का आगाज़ होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में शुरू होगा। वहीं, भारतीय टीम अपना अभियान कल यानी 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुरू करेगी।
इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है, क्योंकि अगले साल 2026 में टी20 विश्व कप आयोजित होना है। पिछली बार भारतीय टीम ने ही एशिया कप का खिताब जीता था और मौजूदा चैंपियन होने के नाते भारत इस बार भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
क्यों UAE बना मेजबान?
हालांकि एशिया कप का आधिकारिक आयोजन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधीन है, लेकिन राजनीतिक हालात और भारत-पाकिस्तान रिश्तों में तनाव को देखते हुए पूरे टूर्नामेंट का आयोजन यूएई में करने का निर्णय लिया गया। इससे पहले भी कई बार भारत-पाकिस्तान मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किए गए हैं। इस बार मैच दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में होंगे।
पहली बार 8 टीमों की भिड़ंत
यह एशिया कप का ऐतिहासिक संस्करण है, क्योंकि पहली बार इसमें 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है:
- ग्रुप ए: भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई
- ग्रुप बी: हांगकांग, अफगानिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश
प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर-4 चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद सुपर-4 की शीर्ष दो टीमें 28 सितंबर को फाइनल मुकाबला खेलेंगी।
कब और कहां देखें लाइव?
- टीवी प्रसारण: भारत में एशिया कप 2025 के सभी मैचों का सीधा प्रसारण Sony Sports Network पर होगा।
- लाइव स्ट्रीमिंग: डिजिटल दर्शक Sony LIV ऐप और वेबसाइट पर लाइव मुकाबले देख सकते हैं।
टूर्नामेंट में कुल 19 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें से 18 मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होंगे, जबकि केवल 15 सितंबर को होने वाला यूएई बनाम ओमान का मुकाबला शाम 5:30 बजे से खेला जाएगा।
एशिया कप 2025 का पूरा शेड्यूल
| तारीख | मैच | स्थान | समय (IST) |
|---|---|---|---|
| 9 सितंबर | अफगानिस्तान vs हॉन्ग कॉन्ग | अबू धाबी | रात 8 बजे |
| 10 सितंबर | भारत vs यूएई | दुबई | रात 8 बजे |
| 11 सितंबर | बांग्लादेश vs हॉन्ग कॉन्ग | अबू धाबी | रात 8 बजे |
| 12 सितंबर | पाकिस्तान vs ओमान | दुबई | रात 8 बजे |
| 13 सितंबर | बांग्लादेश vs श्रीलंका | अबू धाबी | रात 8 बजे |
| 14 सितंबर | भारत vs पाकिस्तान | दुबई | रात 8 बजे |
| 15 सितंबर | यूएई vs ओमान | अबू धाबी | शाम 5:30 बजे |
| 15 सितंबर | श्रीलंका vs हॉन्ग कॉन्ग | दुबई | रात 8 बजे |
| 16 सितंबर | बांग्लादेश vs अफगानिस्तान | अबू धाबी | रात 8 बजे |
| 17 सितंबर | पाकिस्तान vs यूएई | दुबई | रात 8 बजे |
| 18 सितंबर | श्रीलंका vs अफगानिस्तान | अबू धाबी | रात 8 बजे |
| 19 सितंबर | भारत vs ओमान | अबू धाबी | रात 8 बजे |
| 20 सितंबर | B1 vs B2 | दुबई | रात 8 बजे |
| 21 सितंबर | A1 vs A2 | दुबई | रात 8 बजे |
| 23 सितंबर | A2 vs B1 | अबू धाबी | रात 8 बजे |
| 24 सितंबर | A1 vs B2 | दुबई | रात 8 बजे |
| 25 सितंबर | A2 vs B2 | दुबई | रात 8 बजे |
| 26 सितंबर | A1 vs B1 | दुबई | रात 8 बजे |
| 28 सितंबर | फाइनल | दुबई | रात 8 बजे |
साल 1983 में हुई थी एशिया कप की स्थापना
एशियन क्रिकेट कॉउंसिल (एसीसी) द्वारा आयोजित, एशिया कप की स्थापना साल 1983 में हुई थी और एक साल बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह में पहली बार इस टूर्नामेंट को आयोजित किया गया था। एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले 12 संस्करण 50 ओवरों के एकदिवसीय फॉर्मेट में खेले गए थे, लेकिन 2016 से यह टूर्नामेंट एकदिवसीय और T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बीच बारी-बारी से खेला जाता रहा है।
भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी महाद्वीपीय टीमों के अलावा, हांगकांग, चीन, संयुक्त अरब अमीरात और नेपाल जैसे एसोसिएट नेशंस भी पहले एशिया कप में हिस्सा ले चुके हैं।
श्रीलंका ने सबसे ज्यादा बार खेला है एशिया कप
श्रीलंका के नाम सबसे अधिक एशिया कप में खेलने का रिकॉर्ड है, जिसने अब तक सभी 16 संस्करणों में हिस्सा लिया है। भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश ने 15-15 बार एशिया कप में शिरकत की है, जबकि अफगानिस्तान ने चार बार टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है।
एशिया कप की विजेता टीमें
| साल | विजेता | उप-विजेता | फॉर्मेट | मेजबान देश |
|---|---|---|---|---|
| 1984 | भारत | श्रीलंका | वनडे | यूएई |
| 1986 | श्रीलंका | पाकिस्तान | वनडे | श्रीलंका |
| 1988 | भारत | श्रीलंका | वनडे | बांग्लादेश |
| 1990–91 | भारत | श्रीलंका | वनडे | भारत |
| 1995 | भारत | श्रीलंका | वनडे | यूएई |
| 1997 | श्रीलंका | भारत | वनडे | श्रीलंका |
| 2000 | पाकिस्तान | श्रीलंका | वनडे | बांग्लादेश |
| 2004 | श्रीलंका | भारत | वनडे | श्रीलंका |
| 2008 | श्रीलंका | भारत | वनडे | पाकिस्तान |
| 2010 | भारत | श्रीलंका | वनडे | श्रीलंका |
| 2012 | पाकिस्तान | बांग्लादेश | वनडे | बांग्लादेश |
| 2014 | श्रीलंका | पाकिस्तान | वनडे | बांग्लादेश |
| 2016 | भारत | बांग्लादेश | T20I | बांग्लादेश |
| 2018 | भारत | बांग्लादेश | वनडे | यूएई |
| 2022 | श्रीलंका | पाकिस्तान | T20I | श्रीलंका |
| 2023 | भारत | श्रीलंका | वनडे | पाकिस्तान/श्रीलंका |
एशिया कप की सबसे सफल टीम है भारत
कप्तान सुनील गावस्कर के नेतृत्व में भारत ने 1984 में पहला एशिया कप जीता था – यह तीन टीमों का टूर्नामेंट था जिसमें पाकिस्तान और श्रीलंका अन्य टीमें थीं। भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप की सबसे सफल टीम भी है, जिसने 16 संस्करणों में से आठ बार खिताब जीता है। भारत ने टूर्नामेंट के पहले पांच संस्करणों में से चार जीते और 1988 से 1995 के बीच लगातार तीन एशिया कप खिताब जीतने वाली एकमात्र टीम भी है।
श्रीलंका प्रतियोगिता में दूसरी सबसे सफल टीम है, जिसने छह बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है, जबकि पाकिस्तान दो खिताबों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है। बांग्लादेश 2012, 2016 और 2018 में तीन बार उपविजेता रहा है। इस बीच, श्रीलंका सात बार एशिया कप में उपविजेता रहा है – जो किसी भी टीम द्वारा सबसे अधिक है।
एशिया कप की सबसे सफल टीमें
| टीम | खिताब (कुल) | जीत के साल |
|---|---|---|
| भारत | 8 | 1984, 1988, 1991, 1995, 2010, 2016, 2018, 2023 |
| श्रीलंका | 6 | 1986, 1997, 2004, 2008, 2014, 2022 |
| पाकिस्तान | 2 | 2000, 2012 |
