
चेम्बर ऑफ कॉमर्स के शपथ ग्रहण समारोह में कहा — सरकार और व्यापारी मिलकर बना रहे हैं मजबूत अर्थव्यवस्था
दुर्ग
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज दुर्ग स्थित आकाश रिसॉर्ट में आयोजित छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, दुर्ग इकाई के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की।
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष अनूप गटागट सहित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और चेम्बर के कार्यों की सराहना की।
डॉ. सिंह ने कहा कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स राज्य सरकार और व्यापार जगत के बीच एक मजबूत पुल की तरह कार्य करता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लागू नई उद्योग नीति 2024 से व्यापार, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में वृहद संभावनाएं खुली हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि जीएसटी 2.0 देश की अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण सुधार साबित हुआ है।
पहले जहां जीएसटी के चार स्लैब — 28%, 18%, 5% और 40% थे, वहीं अब इसे घटाकर दो प्रमुख स्लैब में परिवर्तित किया गया है।
उन्होंने बताया कि कैंसर और प्राणरक्षक दवाओं पर कर 0% कर दिया गया है,जबकि टीवी, फ्रिज और घरेलू उपकरणों पर टैक्स दरों में कमी से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
नोटबंदी के नौ वर्ष पूरे होने पर डॉ. सिंह ने कहा कि यह निर्णय भारत की आर्थिक पारदर्शिता और डिजिटल भुगतान संस्कृति की दिशा में ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ।
बिहार चुनाव और राहुल गांधी पर राजनीतिक तंज
बिहार विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए डॉ. सिंह ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान से ही नीतीश कुमार और भाजपा गठबंधन की जीत तय हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को हार का भय सताने लगा है, इसलिए राहुल गांधी भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं।




