वीडियो कॉल पर ‘नकली सोना’ दिखाकर 10 लाख की ठगी की कोशिश—लोदाम पुलिस ने क्रेटा कार समेत तीन आरोपी दबोचे

जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी ठगी को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया। नकली सोने का बिस्किट दिखाकर 10 लाख रुपये की ठगी का सौदा तय करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
पूरी घटना ग्राम साई टांगर टोली के फिरोज हजाम की शिकायत से शुरू हुई। फिरोज ने पुलिस को बताया कि आरोपी—कलाम खान, शंकर भगत और बिहारी तिर्की—उससे लगातार संपर्क में थे और वीडियो कॉल पर ‘सोने का बिस्किट’ दिखाकर 10 लाख में सौदा तय कर रहे थे। सौदे के नाम पर उनसे 10 हजार रुपये एडवांस भी ले लिए गए थे।


इसके बाद 1 दिसंबर को आरोपी क्रेटा कार में सवार होकर ग्राम जामटोली-भलमंडा पहुंचे और फिरोज को दोबारा वही बिस्किट दिखाते हुए बाकी रकम की मांग करने लगे। मगर प्रार्थी को शक हुआ और उसने मौके पर ही एक सुनार को बुलवाकर जांच कराई। जांच में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई—बिस्किट पूरी तरह नकली था।
ठगी की पोल खुलते ही फिरोज ने बिना देर किए लोदाम पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से—
नकली सोने की बिस्किट
मोबाइल फोन
घटना में उपयोग की गई क्रेटा कार
जप्त कर ली गई है।
जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया—
“नकली सोना दिखाकर ठगी करने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जांच में और भी जानकारी सामने आ सकती है।”
जशपुर जिले से दीपक वर्मा की रिपोर्ट




