
रिपोर्टर-ब्यूरो रिपोर्ट/लोकेशन-बकावंड, बस्तर
बस्तर जिले के बकावंड तहसील में आयोजित किसान सम्मेलन किसानों के लिए खुशखबरी लेकर आया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए महेश कश्यप ने बताया कि होली से पहले राज्य सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत धान बेचने वाले किसानों को समर्थन मूल्य के ऊपर की अंतर राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। सम्मेलन में मौजूद किसानों के चेहरे पर इस फैसले की खुशी साफ़ झलकती रही।
किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार ठोस और किसानहितैषी फैसले ले रही है।
उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।


कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत करीब 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि एकमुश्त किसानों के खातों में जमा की गई, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है।
सांसद महेश कश्यप ने आगे कहा कि बीते दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत अब तक 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को दी जा चुकी है। उन्होंने इसे किसानों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
सम्मेलन में मौजूद किसानों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि होली से पहले मिली यह राशि उनके लिए बड़ी राहत है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. शुभाऊ कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन उपस्थित रहे।




