डीजल चोरी के फरार आरोपी को बलौदा पुलिस ने दबोचा, घटना में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद

जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा पुलिस के अंतर्गत थाना बलौदा पुलिस को डीजल चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त एक लोहे की हथौड़ी भी बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बलौदा के अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5), 112(2) बीएनएस में दर्ज मामले में पूर्व में तीन आरोपियों—रजनीश रात्रे निवासी खिसोरा (खमदाई पारा), जयनारायण केवट निवासी बलौदा तथा सूरज कुर्रे निवासी खिसोरा—को अलग-अलग तिथियों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
इसी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी वीर कुमार रात्रे (उम्र 28 वर्ष), निवासी ग्राम खिसोरा, थाना बलौदा को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आज दिनांक 16 फरवरी 2026 को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से मेमोरेण्डम कथन लिया गया, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दिनांक 28 जनवरी 2026 को ग्राम कटरा जंगल के पास खड़ी एक ट्रेलर से स्कॉर्पियो वाहन में लगभग 140 लीटर डीजल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी जब्त की गई। इसके पश्चात आरोपी के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक सुनील टैगोर तथा आरक्षक टिकेश्वर राठौर, संतोष रात्रे और रज्जू रात्रे की सराहनीय भूमिका रही।




