बलरामपुर पुलिस ने नौकरी के नाम पर 72 लाख की ठगी करने वाले फर्जी डीएसपी को पकड़ा, मध्यप्रदेश से हुई गिरफ्तारी

लोकेशन: बलरामपुर, छत्तीसगढ़
बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खुद को डीएसपी बताकर लोगों को नौकरी लगाने का झांसा देने वाले फर्जी अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने छत्तीसगढ़ की एक महिला से 72 लाख रुपये की ठगी की थी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी संतोष कुमार पटेल ने खुद को पुलिस विभाग का डीएसपी बताकर पीड़िता को भरोसे में लिया। उसने पीड़िता से कहा कि वह उसके बच्चों को पुलिस विभाग में नौकरी दिला सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ रकम खर्च होगी। भरोसे में आई महिला ने आरोपी को कुल 72 लाख रुपये दे दिए।
काफी समय तक नौकरी न मिलने और आरोपी के संपर्क से बचने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बलरामपुर पुलिस की टीम ने मध्यप्रदेश के सीधी जिले में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी से ठगी की राशि से संबंधित कुछ दस्तावेज और सबूत भी जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




