शैक्षिक समन्वयकों एवं प्रधान पाठकों की बीईओ ने ली समीक्षा बैठक

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा / लोकेशन – जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शैक्षिक समन्वयकों और प्रधान पाठकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर बम्हनीडीह विकासखंड में बीईओ रत्ना थवाईत एवं बीआरसी हीरेन्द्र बेहार ने संकुल केंद्र डीडीएस बिर्रा, शासकीय संकुल बिर्रा एवं सिलादेही के संकुल समन्वयकों तथा प्राथमिक और मिडिल स्कूलों के प्रधान पाठकों की बैठक ली।
बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बीईओ ने संकुल समन्वयकों को निर्देश दिए कि संकुल स्तर पर सभी शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। विद्या समीक्षा केंद्र ऐप के माध्यम से सभी शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य बताते हुए 13 जनवरी तक सभी शिक्षकों का ऐप में पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही ‘परीक्षा पे चर्चा’ अभियान के अंतर्गत जिन स्कूलों में छात्रों, शिक्षकों एवं पालकों का पंजीयन नहीं हुआ है, वहां शीघ्र पंजीयन कराने को कहा गया। अपार आईडी जनरेशन, छात्रवृत्ति संबंधी लंबित समस्याओं के निराकरण, स्कूलों में स्वीकृत शौचालयों एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
उल्लास नवसाक्षर भारत अभियान के तहत असाक्षरों की एंट्री उल्लास ऐप में करने तथा पूर्ण साक्षर ग्रामों के प्रस्ताव पंचायत से बनवाकर जमा करने के निर्देश दिए गए। वहीं 19 जनवरी को होने वाली गौ सेवा एवं संवर्धन परीक्षा की तैयारी कर परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अरुण कश्यप, उमेश दुबे, सुशील शर्मा, सीएसी लखन कश्यप, गुरुप्रसाद भतपहरे, रामकिशोर देवांगन सहित संकुल के मिडिल एवं प्राथमिक शालाओं के प्रधान पाठक उपस्थित रहे।




