Bharat Taxi Launch: Ola-Uber को टक्कर देगी सरकारी टैक्सी सर्विस, 4 KM का किराया सिर्फ ₹30

सरकारी सहायता प्राप्त कैब बुकिंग सर्विस Bharat Taxi को 1 जनवरी से देशभर में लॉन्च कर दिया गया है। इस नई टैक्सी सेवा का मकसद आम यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और पारदर्शी कैब सुविधा देना है, ताकि Ola, Uber और Rapido जैसी प्राइवेट कंपनियों की मनमानी से राहत मिल सके।
Bharat Taxi देश की पहली ऐसी कैब सर्विस है, जिसमें ड्राइवरों को मालिकाना हक मिलेगा और यात्रियों से तय वाजिब किराया ही वसूला जाएगा। इस सेवा को SAHAKAR TAXI COOPERATIVE LIMITED द्वारा संचालित किया जा रहा है।
भारत टैक्सी में 4 किलोमीटर तक का बेस किराया सिर्फ ₹30 रखा गया है, जो मौजूदा कैब सेवाओं की तुलना में काफी कम है। खास बात यह है कि ट्रैफिक जाम, बारिश या देरी के कारण किराया नहीं बढ़ेगा।
ड्राइवरों से भारी कमीशन नहीं लिया जाएगा, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी और यात्रियों को सस्ता सफर मिलेगा। सुरक्षा के लिहाज से Bharat Taxi ऐप को दिल्ली पुलिस और सरकारी सुरक्षा मानकों से जोड़ा गया है। सभी ड्राइवरों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा।
ऐप में इमरजेंसी बटन, लाइव लोकेशन शेयरिंग, ट्रिप हिस्ट्री जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Bharat Taxi ऐप कैसे करें डाउनलोड?
यात्री Google Play Store और Apple App Store से “Bharat Taxi – Cab, Auto & Bike” ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। ड्राइवरों के लिए अलग से “Bharat Taxi Driver” ऐप उपलब्ध है। ध्यान रखें, ऐप में SAHAKAR TAXI COOPERATIVE LIMITED का नाम जरूर चेक करें।




