वनांचल ग्राम बिसौनी में धरतीआबा बिरसा मुंडा की मूर्ति स्थापना हेतु भूमि पूजन, आदिवासी अस्मिता को मिला सम्मान

लोकेशन: मुंगेली, छत्तीसगढ़
संवाददाता: विनोद जायसवाल
मुंगेली जिले के अचानकमार अभ्यारण्य अंतर्गत वनांचल ग्राम बिसौनी में जननायक धरतीआबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आदिवासी समाज के महान नायक बिरसा मुंडा के संघर्ष, विचारधारा और सामाजिक चेतना को स्मरण करने का प्रतीक बना।
भूमि पूजन कार्यक्रम प्रयास स्मॉल स्टेप फाउंडेशन की पहल पर, फाउंडेशन द्वारा संचालित निःशुल्क वनवासी पाठशाला परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनपद सदस्य सुरेंद्र मरावी, महामाई ग्राम के सरपंच अमर सिंह धुर्वे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने धरतीआबा बिरसा मुंडा द्वारा आदिवासी अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, सामाजिक समानता और स्वाभिमान के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन आज भी समाज को अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर प्रयास स्मॉल स्टेप फाउंडेशन द्वारा वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। फाउंडेशन की निःशुल्क वनवासी पाठशाला के माध्यम से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें सामाजिक मूल्यों से अवगत कराने के प्रयासों को ग्रामीणों ने प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को धरतीआबा बिरसा मुंडा के आदर्शों से जोड़ते हुए आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना बताया गया।




