जांजगीर-चांपा

शिवरीनारायण माघी मेले में बड़ा हादसा, आकाश झूला टूटा — 6 घायल, 3 गंभीर बिलासपुर रेफर

लोकेशन :- शिवरीनारायण (जांजगीर-चांपा)

जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में आयोजित माघी मेले में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आकाश झूले का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि झूले की सिटिंग प्लेट उखड़कर गिरने से वहां खड़े और झूले में सवार लोग उसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
गंभीर रूप से घायल लोगों में मलदा निवासी चंद्रकांता कश्यप (15 वर्ष) और भूमिका कश्यप (21 वर्ष) शामिल हैं। अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झूला सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक उसका एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक टीम ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेला शुरू होने से पहले झूला संचालकों और आयोजन समिति को सुरक्षा मानकों का पालन करने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। अब यह जांच का विषय है कि झूले का मेंटेनेंस सही ढंग से किया गया था या नहीं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो झूला संचालक और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने एहतियातन अन्य झूलों की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button