स्मॉल कैप कंपनी का बड़ा अधिग्रहण, सिंगापुर की प्रिशा इन्फोटेक खरीदेगी Spice Lounge, 2025 में 400% उछला शेयर

स्मॉल कैप मल्टी-फॉर्मेट फूड सर्विस कंपनी स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स लिमिटेड ने बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सिंगापुर स्थित प्रिशा इन्फोटेक (Prisha Infotech) में 100% हिस्सेदारी खरीदने को मंजूरी दे दी है। यह अधिग्रहण करीब 1.50 लाख अमेरिकी डॉलर में किया जाएगा और इसके अगले 12 महीनों में पूरा होने की उम्मीद है।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि यह अधिग्रहण फूड सर्विस और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में टेक्नोलॉजी आधारित सॉल्यूशंस को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है। प्रिशा इन्फोटेक की सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और प्रोग्रामिंग क्षमताओं से स्पाइस लाउंज का डिजिटल प्लेटफॉर्म सशक्त होगा और सिंगापुर के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच आसान बनेगी।
प्रिशा इन्फोटेक एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कस्टमर-फेसिंग टेक सॉल्यूशंस में विशेषज्ञता रखती है। इससे सप्लाई चेन मैनेजमेंट, पॉइंट-ऑफ-सेल सिस्टम, कस्टमर एक्सपीरियंस और डेटा एनालिटिक्स में इनोवेशन को बढ़ावा मिलेगा।
शेयर की बात करें तो मंगलवार दोपहर तक बीएसई पर कंपनी का शेयर 50.07 रुपये पर कारोबार कर रहा था। साल 2025 में अब तक यह स्टॉक 423% चढ़ चुका है, जबकि एक साल में 600% से ज्यादा का रिटर्न दे चुका है, जिससे यह निवेशकों के लिए मल्टीबैगर साबित हुआ है।




