
डभरा | जिला सक्ती
साइबर सेल और डभरा पुलिस की संयुक्त टीम ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाड़ा दरहा खार क्षेत्र में जुआ खेल रहे आरोपियों पर छापा मारा है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
डभरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाड़ा दरहा खार क्षेत्र में जुए का अवैध फड़ संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही साइबर सेल एवं डभरा पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआ खेलते हुए कुल 17 जुआरियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया, जिनमें से 9 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी सक्ती और रायगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 मोटरसाइकिल, 45 हजार 500 रुपये नकद, ताश की एक गड्डी और 8 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार शेष फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




