सुकमा में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन माओवादी स्मारक ध्वस्त

लोकेशन – सुकमा, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – यशपाल चौबे
सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। किस्टाराम थाना क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान नक्सलियों के तीन स्मारकों को ध्वस्त कर दिया गया है।
यह कार्रवाई सीआरपीएफ की 217वीं और 212वीं बटालियन तथा जिला पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। ये स्मारक सीनियर माओवादी कॉमरेड वंजम हिडमा, बलदेव समर और धर्मा समर के नाम पर बनाए गए थे।


सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इन स्मारकों का उपयोग माओवादी संगठन द्वारा प्रचार-प्रसार और ग्रामीणों के बीच भय व मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की मुठभेड़ की सूचना नहीं है।
इस अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी खुलकर नक्सलियों का विरोध किया और भारत माता के जयकारे लगाए, जो यह दर्शाता है कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी नक्सलवाद के खिलाफ माहौल बन रहा है।
सुरक्षाबलों ने साफ किया है कि क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



