
लोकेशन: सक्ती (चंद्रपुर – कलमा रेत घाट)
रिपोर्टर: लाला उपाध्याय
सक्ती जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
देर रात पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने चंद्रपुर थाना क्षेत्र के कलमा रेत घाट पर अचानक छापेमारी की, जहां बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा था।
मौके पर भारी संख्या में मशीनें और हाइवा वाहनों के जरिए रेत निकासी का काम चल रहा था। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने 2 चेन मशीन और 8 हाइवा वाहनों को जब्त कर लिया, जिन्हें चंद्रपुर थाने में सुपुर्द किया गया है।



सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध कारोबार के पीछे सक्ती के एक भाजपा नेता का नाम सामने आ रहा है। आरोप है कि उक्त नेता खुद को राजघराने का करीबी बताकर लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रेत तस्करी और पत्थर उत्खनन का नेटवर्क चला रहा था।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि प्रशासन की नजर से बचने के लिए रात के अंधेरे में लगातार खनन किया जाता था। हालांकि, इस बार संयुक्त टीम की अचानक कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप मच गया।


फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।




