बाराद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो लुटेरे गिरफ्तार, एक आरोपी अब भी फरार

सक्ति
जिले की बाराद्वार पुलिस ने लूट की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से कुल 24 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है, जिसमें नगद राशि, लैपटॉप और मोबाइल शामिल हैं।
क्या था मामला?
थाना बाराद्वार निवासी अनिल कुमार नामदेव (उम्र 34 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह उड़ीसा के लांजीगढ़ में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। 7 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे जब वह रेलवे स्टेशन बाराद्वार से अपने घर लौट रहा था, तभी एनएच-49 स्थित नहर पुल के पास दो युवक मिले। उन्होंने “घर छोड़ने” के बहाने उसे अपनी बाइक में बैठा लिया, लेकिन घर की बजाय पलाडीखुर्द की ओर ले गए।
वहां तीसरा युवक भी आ गया, और तीनों ने मिलकर युवक की लात-घूंसे और बेल्ट से पिटाई की। इसके बाद उन्होंने उसका पर्स, डेल कंपनी का लैपटॉप, मोटोरोला मोबाइल और 1,000 रुपये नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, धमकाकर उसके मोबाइल में चल रहे Google Pay से ₹11,700 अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। कुल मिलाकर ₹30,700 की लूट की गई।
पुलिस की तत्पर कार्रवाई
प्रार्थी की शिकायत पर थाना बाराद्वार में अपराध क्रमांक 279/25 धारा 309(6), 143, 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव के निर्देशन में आरोपी की तलाश की जा रही थी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने 9 नवंबर को त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों —सतीश पटेल उर्फ कुदालू (22 वर्ष, वार्ड 10, बाराद्वार), कुनाल बरेठ (19 वर्ष, वार्ड 6, बाराद्वार)
को गिरफ्तार किया।
दोनों के मेमोरण्डम बयान के आधार पर पुलिस ने ₹6,000 नगद, एक लैपटॉप और एक मोबाइल बरामद किया, जिसकी कुल कीमत ₹24,000 बताई गई है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी पुलिस का कहना है कि इस लूटकांड में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र यादव, सउनि एम.पी. मन्नेवार, सउनि यशवंत राठौर, प्रआर मनीष राजपूत, देवनारायण चंद्रा, आर. योगेश राठौर, और टकेश्वर कटकवार का विशेष योगदान रहा।




