वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: NH-343 निर्माण में उपयोग हो रही अवैध मुरूम जब्त

लोकेशन: बलरामपुर, छत्तीसगढ़
संवाददाता: दयाशंकर यादव
बलरामपुर से बड़ी खबर—वन विभाग ने दहेज्वार बीट में अवैध मुरूम उत्खनन और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-343 के निर्माण कार्य के लिए बिना अनुमति मुरूम की खुदाई कर उसे ट्रांसपोर्ट किया जा रहा था।
जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने मौके से एक पोकलेन मशीन और दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि लगभग 6600 घनमीटर क्षेत्र में अवैध तरीके से खुदाई की गई थी, जिसकी कीमत और नुकसान को देखते हुए विभाग ने करीब 3 लाख रुपए के जुर्माने की तैयारी की है।


वन विभाग का कहना है कि न तो खुदाई के लिए अनुमति ली गई थी और न ही परिवहन से जुड़े किसी दस्तावेज़ की वैधता साबित की गई। निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही मिट्टी और मुरूम को बिना रॉयल्टी चुकाए सड़क निर्माण में लगाया जा रहा था।
वन परिक्षेत्र अधिकारी निखिल सक्सेना ने बताया कि निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन किया गया है और जल्द ही इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दहेज्वार वन बीट के अंतर्गत एनएच-343 पर चल रहे रोड निर्माण के लिए बिना वैध अनुमति के मुरूम की खुदाई और ढुलाई की जा रही थी। जांच में सामने आया कि ठेकेदार और परिवहनकर्ता किसी भी प्रकार की वैध अनुमति या दस्तावेज़ नहीं दिखा पाए। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोकलेन मशीन और दो हाईवा वाहनों को जब्त कर लिया है। विभाग ने कहा है कि मामले में आगे जांच जारी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
निखिल सक्सेना, वन परिक्षेत्र अधिकारी
“जांच के दौरान पाया गया कि बिना किसी वैध अनुमति के मुरूम का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। राजस्व और रॉयल्टी की हानि करते हुए सड़क निर्माण में मुरूम का उपयोग किया जा रहा था। जब्ती की कार्रवाई की गई है और आगे क़ानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।




