वर्षांत से पहले IG बिलासपुर की बड़ी कार्रवाई—31 दिसंबर तक सभी लंबित अपराध और विभागीय प्रकरण निपटाने के कड़े निर्देश

बिलासपुर
वर्ष 2025 के समापन से पूर्व बिलासपुर रेंज में पुलिसिंग को मजबूत करने उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने 3 दिसंबर को सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों की अपराध समीक्षा बैठक ली, जिसमें वर्ष 2023 से 2025 तक के अपराध आंकड़ों की विस्तृत समीक्षा के साथ थानों में लंबित अपराध, चालान, मर्ग, विभागीय जांच, शिकायतों और अनसुलझे प्रकरणों को 31 दिसंबर 2025 के पूर्व हर हाल में निराकृत करने के कड़े निर्देश दिए गए।
IG ने ई-साक्ष्य, ई-समंस, नेटग्रिड, क्राइमेक, समन्वय पोर्टल, IO-मितान और NCCR जैसे नए कानून व डिजिटल पोर्टल्स पर जिलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनके पूर्ण उपयोग का निर्देश दिया। अवैध शराब की डिमांड-सप्लाई चेन पर सतत निगरानी, संगठित जुआ-सट्टा पर पूर्ण अंकुश, NDPS मामलों में जप्त वाहनों का राजसात और जप्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण वर्षांत से पहले पूरा करने कहा गया।


संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित अपराध पंजीयन और 100% संपत्ति बरामदगी सुनिश्चित करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने प्रभावी कार्रवाई करने तथा बीट पुलिसिंग को पूरी तरह सक्रिय करने निर्देश दिए गए। IG ने पुलिसबल में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए किसी भी अनुशासनहीनता पर त्वरित विभागीय कार्रवाई करने, नगर पुलिस अधीक्षकों और SDOP को अधिक जिम्मेदारी देते हुए थानों की रोजाना मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने कहा।
बैठक में बिलासपुर रेंज के सभी पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




