जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई — दो ट्रकों से 200 बोरी अवैध गुटखा ज़ब्त, ऑपरेशन आघात में बड़ी सफलता

रिपोर्ट – दीपक वर्मा, जशपुर
जशपुर जिले में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज़ हो गई है। ऑपरेशन आघात के तहत लोदाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने आज एक बड़ी सफलता हासिल की। दो ट्रकों में छुपाकर ले जाए जा रहे 200 बोरी अवैध गुटखे को पुलिस ने ज़ब्त किया है।
घटना जशपुर जिले के लोदाम क्षेत्र की है, जहाँ पुलिस को मुखबिर से बड़ी मात्रा में अवैध गुटखा परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो अशोक-लीलैंड ट्रकों को रोका।


तलाशी के दौरान दोनों ट्रकों में 100-100 बोरी, कुल 200 बोरी गुटखा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, जांच में ट्रक के नंबर और माल की बिल्टी नंबर में भारी अंतर पाया गया। कागज़ात में गड़बड़ी मिलने के बाद पुलिस ने परिवहन को संदिग्ध मानते हुए गुटखे को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत ज़ब्त कर लिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन आघात को और तेज़ किया जा रहा है। उनका कहना है कि जशपुर में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल पुलिस ट्रकों के चालक, मालिक और सप्लाई नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है। गुटखे की इतनी बड़ी खेप बरामद होने से जिला पुलिस को बड़ी सफलता मानी जा रही है।




