जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई… अवैध धान परिवहन पर फिर कसा शिकंजा

दीपक वर्मा – जशपुर
लोकेशन – दोकड़ा चौकी
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। जशपुर पुलिस ने एक बार फिर अवैध धान ले जा रही पिकअप को पकड़कर बड़ी सफलता हासिल की है।
मामला चौकी दोकड़ा क्षेत्र का है, जहां पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने बांसबहार चौक के पास कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश कर रही एक पिकअप को धर दबोचा। पिकअप से 70 बोरियों में भरा करीब 30 क्विंटल धान जप्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 69 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस पूछताछ में वाहन चालक नरेन्द्र गुप्ता निवासी निमटोली कुंजारा, धान से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या मंडी टोकन प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन सहित धान को जप्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।


एस एस पी शशि मोहन सिंह का सख्त निर्देश है कि अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की कड़ी नजर है। लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
गौरतलब है कि धान खरीदी के मौजूदा सीजन में जशपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अब तक जिले में 7 ट्रक, 21 पिकअप और 2 ट्रैक्टर से करीब 1899 क्विंटल अवैध धान पकड़ा जा चुका है। जशपुर पुलिस का कहना है कि अवैध धान बिचौलियों के खिलाफ सख्ती आगे भी जारी रहेगी।




