जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: करोड़ों की शराब तस्करी का मास्टरमाइंड हरियाणा से गिरफ्तार

जशपुर
पुलिस को बड़ी सफलता मिली है… हरियाणा से संचालित करोड़ों की अवैध शराब तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड कर्ण उर्फ बाबू शर्मा गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को पुलिस की विशेष टीम ने कुरुक्षेत्र से पकड़कर जशपुर लाया है। हाल ही में पुलिस चार ट्रकों से करोड़ों की कीमत की अवैध शराब जब्त कर चुकी थी।
जशपुर ज़िले में अंग्रेजी शराब की बड़े पैमाने पर तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे थे। पुलिस द्वारा चार अलग-अलग ट्रकों से 24,440 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। इन मामलों की जांच में पुलिस को शक था कि किसी बड़े सिंडिकेट का संचालन राज्य के बाहर से किया जा रहा है।

इसी दौरान पकड़े गए एक ट्रक चालक के मोबाइल से पुलिस को एक अहम सुराग मिला—
तस्करी वाले ट्रकों में डालने वाले डीज़ल का भुगतान हरियाणा से ऑनलाइन किया जा रहा था।
पेमेंट ट्रेल को फॉलो करते हुए पुलिस सीधे पहुंची हरियाणा के थानेसर के रहने वाले कर्ण उर्फ बाबू शर्मा तक।
पुलिस टीम हरियाणा भेजी गई और वहां से आरोपी को गिरफ्तार कर जशपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल भी कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले हरियाणा में शराब दुकान में सेल्समैन था और कमीशन पर पेट्रोल पंपों को ऑनलाइन पेमेंट करता था। इसी अनुभव का इस्तेमाल वह तस्करी नेटवर्क संभालने में कर रहा था।
जशपुर पुलिस ने बताया कि तस्करी में शामिल एक और मुख्य आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश जारी है।
अब तक 5 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, और पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि इस सिंडिकेट के और सदस्यों पर भी जल्द कार्रवाई होगी।





