छत्तीसगढ़सक्ती

राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई: तीन ट्रैक्टरों से अवैध धान परिवहन पकड़ा गया


अमन सोनी
सक्ती

जिला सक्ती में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर जिले में धान खरीदी अवधि के दौरान सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डभरा श्री विनय कश्यप के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टरों को अवैध धान परिवहन करते हुए जब्त किया है।
राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 07 जनवरी 2026 की रात्रि करीब 1:30 बजे भद्री चौक से सिंघीतराई की ओर तीन ट्रैक्टरों में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा था। जांच दल ने मौके पर पहुंचकर तीनों ट्रैक्टरों को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान प्रत्येक ट्रैक्टर में लगभग 150-150 कट्टी धान लोड पाया गया, लेकिन वाहन चालकों द्वारा किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।


इसके बाद टीम ने तीनों ट्रैक्टरों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से चौकी फ़गुरम में सुरक्षार्थ रखा है। अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि मामले में नियमानुसार पंचनामा तैयार कर लिया गया है और संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अवधि के दौरान अवैध परिवहन और भंडारण पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
इस कार्रवाई में तहसीलदार डभरा श्री मनमोहन प्रताप सिंह, पटवारी श्री हरमेन्द्र वारे, श्री देव कश्यप, श्री राजेंद्र चन्द्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button