
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। यह फैसला उनके आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लिया गया है, जिससे पुलिस विभाग की छवि पर असर पड़ा था।


गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पाया गया कि डांगी का आचरण उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं था और उन्होंने सेवा नियमों का उल्लंघन किया। उनकी गतिविधियों के सोशल मीडिया पर वायरल होने से विभाग की साख को नुकसान पहुंचा, जिसके चलते अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के तहत कार्रवाई की गई है।
फिलहाल उन्हें सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय निर्धारित किया गया है।
इस मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि डांगी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं और इससे सरकार की छवि खराब हो रही थी, इसलिए तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई की गई।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक सख्ती और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।




