रामचंद्रपुर में बड़ा एक्शन: 1135 बोरी अवैध धान जब्त, प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी

रामचंद्रपुर, बलरामपुर
जिले में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आनंद राम नेताम के नेतृत्व में शनिवार को ग्राम विजयनगर में छापेमारी कर कुल 1135 बोरी धान जब्त किया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि गांव के दो लोगों — समीम अंसारी के घर से 885 बोरी और मकबूल अंसारी के घर से 250 बोरी धान अवैध रूप से भंडारित किया गया था। मौके पर धान जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
अधिकारियों की टीम रही मौके पर
इस कार्रवाई में तहसीलदार आई.सी. यादव सहित राजस्व विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई धान के अवैध व्यापार और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए की जा रही है।

एसडीओ (राजस्व) बोले — किसी को नहीं मिलेगी छूट
अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम ने बताया,
“धान की अवैध खरीदी-बिक्री या भंडारण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि शासन की समर्थन मूल्य योजना पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से लागू हो सके।”
लगातार जारी है अभियान
जिले में नए फसल वर्ष के आगमन के साथ ही प्रशासन ने अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है। अधिकारियों ने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि वे धान को केवल अधिकृत उपार्जन केंद्रों पर ही विक्रय करें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।




