सलौनीकला धान खरीदी घोटाले में बड़ा एक्शन—पूर्व फड़ प्रभारी देवनारायण चंद्रा गिरफ्तार, 43 लाख से अधिक का गबन पुष्टि

सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिला | दिनांक: 22 नवंबर 2025
रिपोर्टर — लाला उपाध्याय
सलौनीकला धान खरीदी केंद्र में हुए बड़े भ्रष्टाचार मामले में पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण गिरफ्तारी की है। पूर्व फड़ प्रभारी देवनारायण चंद्रा को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर अमानत में ख्यानत (विश्वासघात), धोखाधड़ी और गबन जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
जांच में यह सामने आया कि धान खरीदी केंद्र में कुल 1894 क्विंटल धान का हेरफेर किया गया था। इस धान का मूल्य 43,56,200 रुपये आंका गया है, जिसकी गड़बड़ी की पुष्टि प्रशासनिक जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में की थी। टीम ने स्पष्ट रूप से बताया था कि फड़ प्रभारी ने सरकारी धान की अमानत का दुरुपयोग कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।
इस मामले में इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन देवनारायण चंद्रा की गिरफ्तारी सबसे अहम मानी जा रही है क्योंकि वे उस समय केंद्र की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
प्रशासन ने संकेत दिया कि यह फर्जीवाड़ा संगठित तरीके से किया गया था और जांच अभी भी जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धान की हेराफेरी में कोई और कर्मचारी या बड़े स्तर का नेटवर्क शामिल था या नहीं।
एसडीओपी बिलाईगढ़ विजय ठाकुर ने बताया कि सबूतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
विजय ठाकुर, एसडीओपी बिलाईगढ़




