सक्ति जिले में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई — 15 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

लोकेशन – थाना हसौद, जिला सक्ती
सक्ति जिले के हसौद थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। ग्राम चिस्दा में 15 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल के नेतृत्व में की गई।
घटना का प्रारंभिक विवरण
30 नवंबर 2025 को हसौद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG11 BG 3984) में भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम चिस्दा स्थित नवोदय स्कूल के पास घेराबंदी की।
पुलिस को दूर से देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्कूटी की तलाशी में 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई और वाहन को मौके पर ही जप्त कर लिया गया।
आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी
जिला परिवहन कार्यालय जांजगीर से मिली जानकारी के आधार पर स्कूटी स्वामी की पहचान मुकेश कुमार बंजारे (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम ओड़काकन, थाना सरसीवा, जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ के रूप में हुई।
मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना दिनांक को वही स्कूटी चलाकर शराब का परिवहन कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को 2 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी। चूंकि अपराध अजमानतीय है, इसलिए आरोपी को न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
अपराध दर्ज
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 205/2025
धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2022 में भी धारा 34(1)(क) आबकारी एक्ट की कार्रवाई हो चुकी है।
टीम शामिल
इस पूरी कार्रवाई में निम्न अधिकारी–कर्मचारी शामिल रहे:
प्र.आर. परमानंद घृतलहरे
आरक्षक घनश्याम पांडे
कमलेश धारिया
राजेश यादव
संदीप कुमार नाग
राजू खुंटे
म.आर. गुरबारी दिनेश
थाना हसौद की टीम ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




