जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई: नवागांव रेत खदान से 2 चैन माउंटेन मशीन जब्त

जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व एवं खनिज विभाग द्वारा ग्राम नवागांव स्थित रेत खदान क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान खनिज रेत के अवैध उत्खनन और लोडिंग में संलिप्त 02 चैन माउंटेन मशीनें मौके पर पाई गईं। जिला खनिज अधिकारी के अनुसार, कार्रवाई के समय मशीनों के चालक और मालिक फरार हो गए, जिसके बाद दोनों मशीनों को लावारिस अवस्था में जब्त कर सील कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल लगातार कार्रवाई कर रहा है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




