
बिलासपुर। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दयालबंद और मधुबन रोड स्थित मुक्तिधाम के पास की गई छापामार कार्रवाई में 310 से अधिक सिलेंडर सहित भारी मात्रा में उपकरण जब्त किए गए।

खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर जांच के दौरान 14.2 किलो के 100 घरेलू गैस सिलेंडर और 5 किलो के 263 छोटे सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा चूल्हा बर्नर, 8 बोरियों में भरे रेगुलेटर, 6 कार्टन, 25 खुले रेगुलेटर और 25 प्रेशर वाल्व भी जब्त किए गए। बताया जा रहा है कि यह सभी सामान अवैध रूप से कालाबाजारी के लिए संग्रहित किया गया था।
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी 35 गैस एजेंसियों में सिलेंडर आसानी से मिल रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है और वे केवल अधिकृत एजेंसियों से निर्धारित दर पर ही सिलेंडर लें।


यह कार्रवाई खाद्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत अब तक 8 मामलों में 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
खाद्य नियंत्रक ने साफ कहा कि कालाबाजारी, अधिक कीमत पर बिक्री या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




