बेमेतरा

बेमेतरा में CM विष्णुदेव साय का बांस संकल्पना सम्मेलन में बड़ा ऐलान — प्रदेश में 1 लाख एकड़ में होगी बांस की खेती

लोकेशन – बेमेतरा / ग्राम कठिया

बेमेतरा से बड़ी खबर—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बेमेतरा जिले के ग्राम कठिया पहुंचे, जहाँ उन्होंने भव्य सृष्टि उद्योग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ बांस संकल्पना सम्मेलन में हिस्सा लिया। यह सम्मेलन राज्य में बांस-आधारित उद्योग, खेती और आर्थिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान 140 फीट ऊंचे बांस से निर्मित विशाल बैंबू टावर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया, जो सम्मेलन के मुख्य आकर्षणों में शामिल रहा। इस अनोखी पहल का मकसद बांस की मजबूती, उपयोगिता और उससे जुड़े औद्योगिक अवसरों को जन-जन तक पहुँचाना था।

मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर बड़ा ऐलान किया कि ग्राम किरितपुर से पूरे छत्तीसगढ़ में 1 लाख एकड़ भूमि पर बांस की खेती का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बांस खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाएगी, बल्कि राज्य में नए रोजगार और कुटीर उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

सम्मेलन में चर्चा हुई—

राज्य में बांस की बढ़ती आवश्यकता

फर्नीचर, हैंडीक्राफ्ट, निर्माण और उद्योगों में बांस के व्यापक उपयोग

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बांस मिशन की भूमिका

किसानों को बांस उत्पादन के लिए तकनीकी और आर्थिक सहायता

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री दयालदास बघेल, कई कैबिनेट मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने बांस आधारित रोजगार को ग्रामीण विकास का मजबूत माध्यम बताया।

सम्मेलन के दौरान प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें बांस से बने फर्नीचर, सजावटी सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और औद्योगिक उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। स्थानीय कारीगरों और किसानों ने भी अपनी कला और उत्पादों का प्रदर्शन कर खूब सराहना बटोरी।

कुल मिलाकर, बेमेतरा का यह सम्मेलन बांस को छत्तीसगढ़ की आर्थिक रीढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button