भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव तय, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद छत्तीसगढ़ को मिलेगा नया प्रदेश प्रभारी

रायपुर
छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद राज्य को नया प्रदेश प्रभारी मिलने की संभावना है। संकेत हैं कि जनवरी के अंतिम सप्ताह तक प्रदेश प्रभारी के नाम की घोषणा हो सकती है।
हाल ही में रायपुर प्रवास पर आए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री अरुण सिंह ने स्पष्ट किया था कि छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश प्रभारी का चयन राष्ट्रीय अध्यक्ष की नई नियुक्ति के बाद ही किया जाएगा। वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी में समाप्त हो रहा है, ऐसे में भाजपा नेतृत्व इसी माह नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान कर सकता है।
भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने फिलहाल नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष के साथ छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया हुआ है। उनके स्थान पर स्थायी प्रदेश प्रभारी कौन होगा, इसे लेकर प्रदेश भाजपा के अंदरखाने में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई नामों पर मंथन चल रहा है, हालांकि अंतिम फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व ही करेगा।
इधर, संगठन के भीतर चल रही आंतरिक गुटबाजी को लेकर भी भाजपा नेतृत्व सतर्क है। सरकार के कामकाज, मंत्रियों और विधायकों को लेकर अफवाह फैलाने वाले नेताओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ नेताओं द्वारा ऐसे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठनात्मक अनुशासन में रहने की सख्त नसीहत दी जा रही है।
कुल मिलाकर, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ही छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में भी अहम बदलाव तय माने जा रहे हैं, जिनका असर आने वाले राजनीतिक समीकरणों पर पड़ सकता है।




