कुनकुरी में ATM लूट की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस वाहन पर पथराव कर फरार हुए बदमाश

रिपोर्टर —दीपक वर्मा
लोकेशन—कुनकुरी, जिला जशपुर
कुनकुरी से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है,
जहां पुलिस की सतर्क गश्त ने एक बड़ी ATM लूट की साजिश को नाकाम कर दिया है।
बीती रात नेशनल हाईवे 43 पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के ATM को उखाड़कर ले जाने की योजना बना रहे बदमाश पुलिस के पहुंचते ही मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, अज्ञात बदमाश एक पिकअप वाहन में सवार होकर ATM तक पहुंचे थे।
सबसे पहले उन्होंने ATM में लगे CCTV कैमरे पर स्प्रे कर निगरानी व्यवस्था को बंद किया,
और इसके बाद मशीन को तोड़कर बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी।
लेकिन इसी दौरान कुनकुरी पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंच गई।


पुलिस को देखते ही बदमाश घबरा गए और भागने लगे।
भागते समय बदमाशों ने पुलिस वाहन पर पथराव भी किया,
जिससे पुलिस गाड़ी का सामने का शीशा टूट गया,
और बोनट व साइड हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि बदमाश ATM से एक भी पैसा नहीं ले जा सके।
घटना के बाद पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है
और अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है
और बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की सतर्कता और समय पर की गई गश्त की वजह से
एक बड़ी वारदात टल गई।




