जशपुर

जशपुर पुलिस का बड़ा खुलासा — लोदाम में 5 लाख से ज्यादा का अवैध तंबाकू जब्त, नशे के नेटवर्क पर करारा वार

दीपक वर्मा — जशपुर
लोकेशन:- जशपुर / लोदाम

जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार नशे के नेटवर्क पर प्रहार कर रहा है। इसी कड़ी में लोदाम थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ट्रक से 271 बोरी अवैध कच्चा तंबाकू जब्त किया है, जिसकी बाजार में कीमत 5 लाख 18 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक अवैध तंबाकू लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी की और अशोक लीलैंड वाहन को रोका। जांच के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में गुटखा निर्माण में प्रयुक्त होने वाला कच्चा तंबाकू भरा मिला।

ट्रक चालक अवधेश सिंह ने बताया कि वह गुजरात से सिलीगुड़ी तंबाकू ले जा रहा था। लेकिन वह माल के वैध दस्तावेज, बिल्टी, परमिट या कोई संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इतना ही नहीं, पुलिस की जांच में बिल्टी और वाहन नंबर में भी अंतर पाया गया, जिससे अवैध परिवहन की पुष्टि हो गई।

इसके बाद पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत ट्रक और तंबाकू दोनों को जब्त कर लिया है।

यह पहला मामला नहीं है— 29 नवंबर को भी जशपुर पुलिस ने दो ट्रकों से 200 बोरी अवैध तंबाकू ज़ब्त किया था, जो जिले में चल रहे नशे के अवैध कारोबार की गहराई को दर्शाता है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा—
“गुटखा, तंबाकू और नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी कीमत पर ऐसे नेटवर्क को पनपने नहीं दिया जाएगा।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button