दिल्ली में बड़ा धमाका! लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर कार ब्लास्ट में 13 की मौत

अमित शाह बोले – “दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भयानक धमाके से दहल उठी। शाम करीब 6:52 बजे पुरानी दिल्ली स्थित लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के बाहर ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी Hyundai i20 कार में अचानक तेज धमाका हुआ।
विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियाँ, मोटरसाइकिलें और ई-रिक्शा आग की लपटों में घिर गईं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे।
धमाके में अब तक 13की मौत,कई घायल
दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। धमाके की चपेट में आईं 6 कारें, 4 बाइक और 3 ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घायलों को नजदीकी एलएनजेपी और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच में जुटी कई एजेंसियां
दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और NIA ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कार लाल बत्ती पर रुकते ही विस्फोट हुआ था।कार के आरटीओ रिकॉर्ड से पता चला है कि इसका मालिक हाल ही में बदला गया था। अब सुरक्षा एजेंसियां यह जांच रही हैं कि कहीं गाड़ी का उपयोग आतंकी गतिविधि के लिए तो नहीं किया गया।एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, विस्फोट में प्रयोग किए गए रासायनिक पदार्थों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
फिलहाल दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा, “दिल्ली विस्फोट की जांच उच्चतम प्राथमिकता पर की जा रही है।
किसी भी निर्दोष नागरिक की जान जाने का दर्द असहनीय है।
दोषियों को हर हाल में पकड़कर सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।”
उन्होंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर और NIA प्रमुख से तत्काल रिपोर्ट मांगी है।
पीएम मोदी ने जताया शोक
“आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदना। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। प्रभावित लोगों को अधिकारियों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है।”
अब तक के प्रमुख सवाल
- क्या यह विस्फोट आतंकी साजिश थी या किसी रासायनिक दुर्घटना का परिणाम?
- कार का नया मालिक कौन है और उसने इसे कब खरीदा?
- विस्फोटक सामग्री कहां से आई और कैसे पहुंचाई गई?
- क्या सुरक्षा एजेंसियों की किसी स्तर पर चूक हुई?
फॉरेंसिक टीम सीसीटीवी फुटेज, कार की यात्रा रूट और विस्फोटक अवशेषों की जांच में जुटी है।
सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी लेने की घोषणा की है।राजधानी व आस-पास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है।




