हेल्थ सेक्टर पर बड़ा फोकस, कैंसर दवाएं सस्ती से लेकर 10 हजार करोड़ का बायोफार्मा मिशन

नई दिल्ली। केंद्रीय बजट 2026 में सरकार ने हेल्थकेयर सेक्टर को मजबूत करने के लिए कई बड़े और दूरगामी ऐलान किए हैं। बजट का मकसद इलाज को सस्ता बनाना, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करना और देश को मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में विकसित करना है।
कैंसर और दुर्लभ बीमारियों की दवाएं होंगी सस्ती
सरकार ने 17 तरह की कैंसर दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी माफ कर दी है। इसके अलावा 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं और विशेष चिकित्सा आहार (FSMP) के पर्सनल इंपोर्ट पर भी कस्टम ड्यूटी से छूट दी गई है, जिससे मरीजों को सीधी राहत मिलेगी।
10,000 करोड़ का बायोफार्मा शक्ति मिशन
घरेलू बायोलॉजिक्स और बायोसिमिलर उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के बजट के साथ बायोफार्मा शक्ति मिशन लॉन्च किया गया है। इसका उद्देश्य कैंसर और ऑटोइम्यून जैसी गैर-संक्रामक बीमारियों से प्रभावी तरीके से निपटना है।
बुजुर्गों के लिए 1.5 लाख केयरगिवर
अगले पांच वर्षों में बुजुर्गों की देखभाल के लिए 1.5 लाख नए केयरगिवर प्रशिक्षित किए जाएंगे, जिससे लॉन्ग-टर्म केयर सेवाएं मजबूत होंगी।
आयुर्वेद और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा
बजट में एम्स जैसे 3 नए आयुर्वेदिक अस्पताल बनाने और मेडिकल टूरिज्म के लिए 5 क्षेत्रीय मेडिकल हब स्थापित करने की घोषणा की गई है।
ट्रॉमा केयर में 50% विस्तार
जिला अस्पतालों में इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर सेंटरों का 50% विस्तार किया जाएगा, जिससे आपातकालीन इलाज तक पहुंच बेहतर होगी।




