जंगल में चल रहे जुआ अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई—14 मोटरसाइकिलें जब्त, जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

कबीरधाम
जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कड़ी मुहिम लगातार जारी है। इसी क्रम में बोड़ला थाना क्षेत्र में जुआ गतिविधि पर एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने जंगल में चल रहे जुआ अड्डे पर दबिश दी, जहां पुलिस की आहट मिलते ही जुआ खेलने पहुंचे सभी आरोपी अपनी मोटरसाइकिलें वहीं छोड़कर घने जंगल की ओर भाग निकले।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन में की गई। एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा की टीम ने 14 नवंबर 2025 को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर छुही नाला किनारे जंगल में छापा मारा।

पुलिस टीम के पहुंचते ही अवैध जुआ गतिविधि में लिप्त सभी आरोपी मौके से भाग निकले। हालांकि जुआरी पकड़े नहीं जा सके, लेकिन जुआ खेलने के स्पष्ट प्रमाण पुलिस को जंगल में मिले—मौके से 14 मोटरसाइकिलें लावारिस हालत में बरामद हुईं। पुलिस ने ग्रामीणों को बुलाकर मोटरसाइकिलों की तस्दीक कराई, लेकिन किसी ने भी वाहन का स्वामित्व स्वीकार नहीं किया।
इन वाहनों की संदिग्ध उपस्थिति, मौके पर बिखरे जुआ सामग्री के संकेत और त्वरित फरारी से यह साफ है कि आरोपी जुआ खेल रहे थे और पकड़े जाने के डर से अंधेरे का फायदा उठाकर भागना पड़ा।
मौके पर पुलिस द्वारा पंचनामा, जप्ती पत्रक, रोजनामचा सहित सभी आवश्यक विधिक दस्तावेज तैयार किए गए। बरामद मोटरसाइकिलों को गवाहों के समक्ष जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
आज दिनांक को धारा 106 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर मामला माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। इसके साथ ही बरामद वाहनों के चेचिस और इंजन नंबर के आधार पर परिवहन विभाग से स्वामित्व सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। फरार जुआरियों की पहचान सुनिश्चित होने के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि—
जुआ, सट्टा, अवैध लेनदेन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
साथ ही पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, जुआ-सट्टा की सूचना तुरंत स्थानीय थाने या डायल 112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




