टेंपल सिटी शिवरीनारायण को संवारने की बड़ी तैयारी, कलेक्टर जन्मेजय मोहबे ने ली अहम समीक्षा बैठक

लोकेशन – शिवरीनारायण
रिपोर्टर – मुरली नायर
धार्मिक और पर्यटन नगरी शिवरीनारायण को एक आदर्श टेंपल सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है।
नगर पंचायत शिवरीनारायण में कलेक्टर श्री जन्मेजय मोहबे ने एक अहम समीक्षा बैठक लेकर विकास और स्वच्छता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
इस बैठक में नगर पंचायत शिवरीनारायण, खरोद सहित ग्राम पंचायत तुश्मा, दुर्पा और कंशदा के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शिवरीनारायण के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और पर्यटन को बढ़ावा देना रहा।
कलेक्टर महोदय ने कहा कि शिवरीनारायण की पहचान एक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में है और इसे ध्यान में रखते हुए महानदी के घाटों का विकास, सौंदर्यीकरण, पर्यटन अधोसंरचना और नगर व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
महानदी के तट पर नौका विहार, वॉटर स्पोर्ट्स, घाटों का सौंदर्यीकरण, फूड जोन, पार्किंग व्यवस्था और पर्यटकों की सुविधाओं को सुव्यवस्थित करने की रूपरेखा लगभग तय कर ली गई है।


स्वच्छता को लेकर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए।
प्लास्टिक डिस्पोजल पर पूर्ण प्रतिबंध, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, और डस्टबिन रहित शिवरीनारायण की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि
नगर का विकास केवल प्रशासन से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और जागरूकता से ही संभव है।
उन्होंने भरोसा जताया कि शिवरीनारायण आने वाले समय में स्वच्छता, पर्यटन और विकास के क्षेत्र में एक मिसाल बनेगा।


कुल मिलाकर, जिला प्रशासन की यह पहल शिवरीनारायण को एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आकर्षक धार्मिक पर्यटन नगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




