बिलासपुर में बड़ा रेल लापरवाही कांड: एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आईं तीन ट्रेनें, यात्रियों में दहशत

बिलासपुर
हाल ही में हुए रेल हादसे की दहशत अभी लोगों के मन से कम भी नहीं हुई थी कि बिलासपुर रेल मंडल में एक बार फिर रेल सुरक्षा प्रणाली की बड़ी चूक सामने आई है। कोटमीसोनार और जयरामनगर स्टेशन के बीच एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनें आमने-सामने आ गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दो मालगाड़ियां और एक यात्री ट्रेन एक ही लाइन पर आ गईं। चौंकाने वाली बात यह रही कि यात्री ट्रेन के आगे और पीछे दोनों ओर मालगाड़ियां खड़ी हो गईं, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब यात्रियों ने देखा कि दोनों ओर ट्रेनें एक ही लाइन पर हैं, तो कई लोग डर के मारे ट्रेन से नीचे उतर आए। यात्रियों ने तुरंत रेलवे कर्मचारियों और स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी।
हालांकि समय रहते सिग्नल सिस्टम और रेलकर्मियों की सतर्कता से किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया, लेकिन इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा और सिग्नल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि हाल के दिनों में इस रूट पर तकनीकी खराबी और सिग्नल फेल्योर जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। फिर भी रेलवे प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी की बात सामने आ रही है।
एक यात्री ने बताया – “हमने सोचा कि फिर कोई हादसा न हो जाए, इसलिए सभी घबराकर नीचे उतर गए। इतने बड़े हादसे के बाद भी रेलवे सेफ्टी पर ध्यान नहीं दे रहा, यह डराने वाली बात है।”
रेलवे सूत्रों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और ट्रैक को पूरी तरह जांचकर ट्रेन संचालन बहाल किया गया है।




