
रिपोर्टर: ब्यूरो रिपोर्ट / लोकेशन: रायपुर
छत्तीसगढ़ सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए “बिजली बिल भुगतान समाधान योजना–2026” की शुरुआत कर दी है। राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस योजना का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई उपभोक्ता समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाते, जिससे सरचार्ज बढ़ने के कारण बकाया राशि अधिक हो जाती है। ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए यह योजना शुरू की गई है।
इस योजना से प्रदेश के करीब 28 लाख 42 हजार बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की संभावना है। सरकार के अनुसार करीब 1566 करोड़ रुपये के बकाया मामलों के समाधान का रास्ता खुलेगा, जबकि उपभोक्ताओं को लगभग 757 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी।


योजना के तहत बिजली बिल के अधिभार पर 100 प्रतिशत छूट और मूल बकाया राशि में 75 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान किया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पंजीयन कराना होगा और बकाया राशि का न्यूनतम 10 प्रतिशत भुगतान करना अनिवार्य होगा। शेष राशि किस्तों में जमा की जा सकेगी। यह योजना 30 जून 2026 तक लागू रहेगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 2 हजार 931 हितग्राहियों को 8 करोड़ 79 लाख रुपये की सब्सिडी भी अंतरित की। मुख्यमंत्री ने लोगों से बिजली की बचत करने और अधिक से अधिक संख्या में समाधान योजना का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित ऊर्जा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता मौजूद रहे।




