छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कृषक उन्नति योजना से किसानों को बड़ी राहत, सक्ती जिले के 88 हजार से अधिक किसानों के खातों में पहुंचे 346.59 करोड़

रिपोर्टर-दीपक यादव/लोकेशन-जांजगीर-चांपा

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज बड़ी खुशखबरी सामने आई है।
कृषक उन्नति योजना के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से सक्ती जिले के किसानों के खातों में 346 करोड़ 59 लाख रुपये की आदान सहायता राशि का सीधा अंतरण किया है। इस योजना से जिले के कुल 88 हजार 307 किसान लाभान्वित हुए हैं।


मुख्यमंत्री ने बिलासपुर से वर्चुअल रूप से जुड़कर खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में बेचे गए धान की अंतर राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर की। राशि अंतरण की खबर मिलते ही जिले भर के किसानों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में किसानों को बोनस राशि के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
वहीं विकासखण्ड स्तर पर मालखरौदा, डभरा और जैजैपुर में जनपद पंचायत सभागारों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में किसान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कमलेश जांगड़े ने सभी किसानों को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गर्व का दिन बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर द्वारा नहरों के माध्यम से पानी पहुंचाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और कम पानी में दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती अपनाने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष दौपदी कीर्तन चंद्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और कृषक उन्नति योजना से जिले के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर, कृषक उन्नति योजना के तहत सीधे खातों में राशि अंतरण से सक्ती जिले के 88 हजार से अधिक किसानों को बड़ी राहत मिली है। सरकार का दावा है कि ऐसी योजनाओं से किसानों की आय में वृद्धि होगी और खेती को और अधिक लाभकारी बनाया जा सकेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button