सक्ती में बड़ा खुलासा: सरकारी क्वार्टरों में चार साल से बिजली चोरी, 18 अधिकारियों-कर्मचारियों के कनेक्शन काटे गए

सक्ती
जिले के जैजैपुर क्षेत्र में सरकारी कॉलोनी में लंबे समय से चल रही बिजली चोरी का बड़ा मामला उजागर हुआ है। प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 18 अधिकारियों और कर्मचारियों के सरकारी आवासों के बिजली कनेक्शन तुरंत प्रभाव से काट दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि इस अवैध खपत में तहसीलदार से लेकर नगर पंचायत CMO तक के सरकारी आवास शामिल पाए गए।
जानकारी के मुताबिक, जैजैपुर जीएडी सरकारी कॉलोनी में पिछले चार साल से बिना बिल भुगतान के चोरी की बिजली का उपयोग किया जा रहा था। लगातार बढ़ते बकाया और संदेह के आधार पर विद्युत विभाग ने जांच की, जिसमें बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आईं।


कार्रवाई के दौरान 16 अन्य आवासों में रहने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि दो दिनों के भीतर लंबित बिलों का भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी।
विद्युत विभाग के इस कदम से सरकारी तंत्र में हड़कंप मचा हुआ है। मामला सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों से भी जवाब तलब किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर बिजली चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग गंभीर अपराध है और अब सभी विभागीय आवासों की जांच कराई जाएगी ताकि ऐसी लापरवाही को रोका जा सके।





