सूरजपुर में कोयला चोरी का बड़ा खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, 43 टन कोयला जब्त

रिपोर्टर:- सुरेन्द्र साहू
लोकेशन:- सूरजपुर, छत्तीसगढ़
सूरजपुर जिले में कोयला चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। चौकी खड़गवां पुलिस ने जगन्नाथपुर ओपन कास्ट खदान से ट्रक-ट्राला के जरिए कोयला चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का कोयला और ट्रक-ट्राला जब्त किया है।
मामला 15 जनवरी 2026 का है, जब खदान के अधिकृत लिफ्टर के जरिए ट्रक-ट्राला खदान में प्रवेश कर स्टॉक यार्ड में कोयला लोड कर रहा था। आरोपी नियमों की अवहेलना कर ट्रक को कांटा नहीं करवाए और करीब 40 टन कोयला, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये है, चोरी कर फरार हो गए। 16 जनवरी को खदान मैनेजर माइनिंग द्वारा चौकी खड़गवां में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मुखबिर की सूचना और खदान के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चठिरमा स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक-ट्राला बरामद किया, जिसमें 43 टन कोयला लोड था, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में नीरज यादव, उम्र 20 वर्ष; मनीष यादव, उम्र 21 वर्ष; आशीष यादव, उम्र 19 वर्ष शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बिलासपुर निवासी एक व्यक्ति ने उन्हें कोयला चोरी के एवज में प्रति गाड़ी 60 हजार रुपये देने का सौदा किया था।
पुलिस ने इस मामले में ट्रक-ट्राला, 43 टन कोयला और 3 मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। वहीं, इस प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और डीएसपी अनूप एक्का के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की गई।




