बलरामपुर में धान तस्करी का बड़ा खुलासा — प्रशासन की दबिश, खलिहान से 200 बोरी अवैध धान जब्त

बलरामपुर
जिले में चल रही धान तस्करी और काला बाजारी पर प्रशासन ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, सामरी शासकीय स्कूल की बाउंड्री वॉल के बाहर बने खलिहान में भारी मात्रा में अवैध धान भंडारित किया गया था, जिसे झारखंड से चोरी-छिपे लाकर रखा गया था। प्रशासन की सतर्कता के चलते यह पूरा मामला उजागर हो गया।
कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देश पर कुसमी एसडीएम करुण डाहरिया के नेतृत्व में राजस्व अमले ने सोमवार देर शाम खलिहान में छापा मारा। जांच के दौरान पाया गया कि सामरी निवासी बिंदेश्वर यादव ने अवैध रूप से धान का भंडारण कर रखा था, जिसे वह तस्करी के जरिए खपाने की तैयारी में था।

टीम ने मौके से करीब 200 बोरी अवैध धान जब्त किया। प्रशासन ने इसे गंभीर गड़बड़ी मानते हुए मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों के मुताबिक यह धान झारखंड से लाकर फर्जी तरीके से स्थानीय खरीदी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश थी।
एसडीएम करुण डाहरिया ने कहा कि जिले में धान तस्करी और अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी बढ़ाई गई है। आने वाले दिनों में भी ऐसे मामलों पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
प्रशासन अब इस मामले में जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की जांच कर रहा है।




