
रिपोर्टर : जय ठाकुर / लोकेशन : जशपुर
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुनकुरी के पास गोडअंबा इलाके में अनमोल यात्री बस के पलटने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।



मिली जानकारी के अनुसार बस कुरडेग से कुनकुरी की ओर आ रही थी। इसी दौरान गोडअंबा के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के नीचे दबने से चार लोगों की जान चली गई और कई यात्री घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से कुनकुरी और जशपुर जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




