पामगढ़ में PDS गोदाम निर्माण में बड़ा घोटाला! घटिया निर्माण ने खोली सिस्टम की पोल

रिपोर्टर-मुरली नायर/लोकेशन-पामगढ़, जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सरकारी योजना के तहत बन रहा पीडीएस गोदाम अब विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की मिसाल बनता जा रहा है। ग्राम पंचायत खरगहनी में हो रहे इस निर्माण कार्य ने सिस्टम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



जमीन पर हकीकत चौंकाने वाली है। निर्माण कार्य में घटिया मटेरियल का इस्तेमाल, मानकों की खुली अनदेखी और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही साफ नजर आ रही है।
जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों ने भी स्वीकार किया कि गोदाम निर्माण में नियमों की अनदेखी हो रही है। ना सही मटेरियल का उपयोग किया जा रहा है और ना ही निर्धारित रेशियो का पालन किया जा रहा है। यहां तक कि छत निर्माण में सरिया का भी मानक के अनुसार इस्तेमाल नहीं किया गया है।
सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि करोड़ों के इस काम में जिम्मेदार जनप्रतिनिधि मौके से नदारद मिले। ना सरपंच मौजूद थे, ना ही सचिव। पूरा काम उपसरपंच के भरोसे छोड़ दिया गया है।
अब बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर किसके संरक्षण में यह भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है? क्यों पहले ही गुणवत्ता की जांच नहीं की गई?
जब मीडिया ने सरपंच और सचिव से जवाब लेने की कोशिश की, तो उन्होंने फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझा। क्या यह चुप्पी ही उनकी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश है?
फिलहाल जांच अधिकारी ने काम को तत्काल प्रभाव से रोकने और नियमों के तहत दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।
अब देखना होगा कि पामगढ़ जनपद पंचायत के सीईओ इस मामले में क्या सख्त कदम उठाते हैं, या फिर यह मामला भी कागजों में दबकर रह जाएगा।
क्योंकि सवाल सिर्फ एक गोदाम का नहीं, बल्कि जनता के हक और सरकारी पैसे की पारदर्शिता का है।




