जशपुर में धान खरीदी का बड़ा घोटाला, 6 करोड़ 55 लाख की हेराफेरी, एक आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर — दीपक वर्मा
लोकेशन — जशपुर
जशपुर से इस वक्त एक बड़ी और गंभीर खबर सामने आ रही है।
धान खरीदी व्यवस्था में करोड़ों रुपये की हेराफेरी का खुलासा हुआ है।
तुमला थाना क्षेत्र के कोनपारा धान खरीदी उप केंद्र में 6 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक के घोटाले की पुष्टि हुई है।
यह मामला खरीफ वर्ष 2024–25 से जुड़ा हुआ है।
जांच में सामने आया है कि धान खरीदी के दौरान भारी अनियमितता बरती गई।
अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इस पूरे मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
हालांकि, घोटाले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि 20 हजार 586 क्विंटल से अधिक धान की कमी पाई गई है, जिससे शासन को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
अब दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है और इस पूरे घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
इस मामले पर जशपुर के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
धान खरीदी में सामने आया यह घोटाला एक बार फिर व्यवस्था की पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े करता है।




