ट्रैक्टर से गांजा तस्करी मामले में बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता, 2 और आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर:- मयंक
लोकेशन:- बलरामपुर
ट्रैक्टर के जरिए गांजा तस्करी के मामले में बलरामपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंड टू एंड कार्रवाई के तहत पुलिस ने बिहार के सासाराम से दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दरअसल, 26 अगस्त 2025 की रात ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से गांजा लेकर ट्रैक्टर के माध्यम से बिहार ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बलरामपुर थाना क्षेत्र के दलधोवा घाट में ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे बने गुप्त चेंबर से 125 किलो गांजा बरामद किया था।
इस मामले में पुलिस पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। आगे की जांच में गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा होने पर पुलिस ने सासाराम से दो और आरोपियों को दबोच लिया। दोनों को आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह संगठित गिरोह ओडिशा से गांजा खरीदकर बिहार में खपाने का नेटवर्क चला रहा था। इस प्रकरण में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस आगे भी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।




