बिलासपुर

ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कामयाबी: राइस मिल चोरी और सोसायटी में आगजनी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर

जिले के थाना बिल्हा क्षेत्र में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर बिलासपुर और बिल्हा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राइस मिल से नगदी और मोबाइल चोरी करने के साथ-साथ राशन सोसायटी में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार थाना बिल्हा में दर्ज अपराध क्रमांक 523/2025 (धारा 331(2), 326(क) भारतीय न्याय संहिता) एवं अपराध क्रमांक 634/2025 (धारा 305(1), 331(4) भारतीय न्याय संहिता) के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितेश यादव (20 वर्ष) निवासी ग्राम झल्फा, थाना हिर्री, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी अनिश अग्रवाल निवासी वार्ड क्रमांक 04, बिल्हा ने ग्राम गुमा स्थित राइस मिल के ऑफिस से अलमारी में रखी ₹1,55,000 नगद और एक सैमसंग मोबाइल फोन की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई, जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान साइबर टीम ने चोरी गए मोबाइल में प्रयुक्त सिम नंबर के आधार पर आरोपी का पता लगाया। दिनांक 16 दिसंबर 2025 को आरोपी रितेश यादव को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जहां उसने गुमा राइस मिल से चोरी और करीब एक माह पूर्व मुढीपार राशन सोसायटी में चोरी की नीयत से घुसकर पैसे नहीं मिलने पर चावल व बारदाना जलाने की घटना को स्वीकार किया।

आरोपी के कब्जे से ₹10,600 नगद एवं चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। शेष रकम खर्च हो जाने की जानकारी आरोपी ने दी। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी तथा उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, उप निरीक्षक एस.पी. लहरे, प्रधान आरक्षक रूपेश तिग्गा, देवमुन पुहूप, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, राजेश यादव एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में चोरी, आगजनी एवं संपत्ति से जुड़े अपराधों पर सख्ती जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button