
लोकेशन : सक्ती, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर : लाला उपाध्याय
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। दिव्यांग शिक्षक देवानन्द भारद्वाज की हत्या के मामले में अब बड़ा मोड़ आ गया है। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी टीमन लाल मनहर अब जिंदा नहीं रहा—उसका शव उसके ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला है।


बताया जा रहा है कि 18 मार्च की शाम दिव्यांग शिक्षक देवानन्द भारद्वाज की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में टीमन लाल मनहर को मुख्य आरोपी माना जा रहा था, जो घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी।
इसी बीच आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब आरोपी का शव उसके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। शुरुआती तौर पर यह मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।



घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी और एसडीओपी ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि सबूतों को बारीकी से जांचा जा सके।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने आत्महत्या किन परिस्थितियों में की—क्या वह दबाव में था, या फिर गिरफ्तारी के डर से उसने यह कदम उठाया। साथ ही, हत्या के पीछे की असली वजह और पूरे घटनाक्रम को जोड़कर देखा जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम से इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आने वाले समय में इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।




