कोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा में जुए पर अब तक की बड़ी कार्रवाई, जंगल में चल रहे अड्डे से 28 जुआड़ी गिरफ्तार, थाना प्रभारी निलंबित

रिपोर्टर: सरोज रात्रै
लोकेशन: करतला, कोरबा

कोरबा जिले के करतला क्षेत्र में जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए जंगल से घिरे इलाके में संचालित हो रहे जुआ अड्डे पर छापा मारा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 28 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से ढाई लाख रुपये नकद, 23 मोटरसाइकिल, एक कार और 35 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।


बताया जा रहा है कि करतला क्षेत्र लंबे समय से जुआरियों का सुरक्षित ठिकाना बना हुआ था। जंगल से घिरा होने के कारण यहां खुलेआम जुआ अड्डा संचालित किया जा रहा था, जिसकी शिकायतें लगातार पुलिस प्रशासन तक पहुंच रही थीं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल के भीतर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम गठित कर सुनियोजित तरीके से छापा मारा गया, जहां से 28 जुआरियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त की गई नकदी और वाहनों से यह स्पष्ट होता है कि जुए का कारोबार बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था।
इस पूरे मामले में कोरबा पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए करतला थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार चंद्रा को जुए के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का दोषी माना है। एसपी ने तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी को लाइन अटैच करते हुए निलंबित कर दिया है।


पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जुआरियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं थाना प्रभारी पर की गई कार्रवाई से पुलिस महकमे में भी सख्त संदेश गया है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार जुआरियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस जुआ अड्डे के संचालन में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button