बिलासपुर

बिलासपुर पुलिस को मिले 17 नए आरक्षक, एसएसपी रजनेश सिंह ने सौंपे नियुक्ति पत्र

आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023–24 के तहत बिलासपुर जिला पुलिस बल को 17 नए आरक्षक (जीडी) मिले हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (आईपीएस) द्वारा दिनांक 17 दिसंबर 2025 को चयनित अभ्यर्थियों को विधिवत नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिसके बाद सभी नव-नियुक्त आरक्षकों ने पुलिस लाईन बिलासपुर स्थित रक्षित केंद्र में अपनी आमद दर्ज कराई।

पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज द्वारा अनुमोदित चयन सूची के अनुसार सभी चयनित उम्मीदवारों की चरित्र सत्यापन, मेडिकल परीक्षण एवं अन्य निर्धारित प्रक्रियाएं पूर्ण कराई गईं। शासकीय सेवा के लिए योग्य पाए जाने पर उन्हें जिला पुलिस बल बिलासपुर में आरक्षक (जीडी) के रिक्त पदों पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यंत नियुक्त किया गया है।

नियुक्ति अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने नव-नियुक्त जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि जनसेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी का संकल्प है। उन्होंने सभी आरक्षकों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ आम जनता की सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार के अनुचित कार्य या संदिग्ध आचरण से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।

एसएसपी ने चयनित अभ्यर्थियों को हजारों उम्मीदवारों में से चयनित होने पर बधाई देते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों के माध्यम से बिलासपुर पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस का नाम गौरवान्वित करें। इस अवसर पर जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

पुलिस विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि शेष चयनित अभ्यर्थियों की चरित्र सत्यापन एवं मेडिकल प्रक्रिया पूर्ण होते ही उन्हें भी शीघ्र पुलिस बल में नियुक्त कर आमद दी जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button